फिरोजाबाद। सुहागनगरी में गुरुवार को गोवर्धन महाराज का पूजन किया गया। मंदिरों में आकर्षक सजावट के साथ फूलबंगला सजाए गए। शाम को शहर के प्रमुख श्री द्वारिकाधीश मंदिर, श्री बांकेबिहारी, श्री राधामोहन मंदिरों गोवर्धन महाराज का पूजन हुआ। महाआरती के बाद अन्नकूट प्रसाद का वितरण हुआ। इस दौरान मंदिर प्रांगण गोवर्धन महाराज के जयकारों से गूंज उठे।
दिवाली के दूसरे दिन सुबह जल्दी उठकर महिलाओं ने जल्दी उठकर घर के बाहर स्याऊ माता का विधि विधान के साथ पूजन किया। पूड़ी, खील बतासे से भोग लगाया। इसके बार घरों में गोवर्धन बनाने की तैयारी शुरू हो गई। महिलाओं ने घर के आंगन में गोवर्धन महाराज की झांकी सजाई। अन्नकूट का प्रसाद बनाकर गोवर्धन महाराज का भोग लगाया। श्री द्वारिकाधीश मंदिर में गोवर्धन महाराज की आकर्षक झांकी सजाई गई।
गोवर्धन महाराज के दर्शनों को देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सदर बाजार स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में गोवर्धन महाराज की भव्य झांकी सजाई गई। मंदिर के महंत विजय कुमार उपाध्याय ने गोवर्धन महाराज को भोग लगाने के साथ महाआरती की। इसके उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। मोहल्ला दुली स्थित श्री राधामोहन महाराज मंदिर में गोवर्धन पूजन पर आकर्षक फूल बंगला सजाया गया।
महंत पंडित श्याम भारद्वाज, पीके झिंदल, बालकिशन अग्रवाल, प्रदीप दीक्षित कल्लू आदि मौजूद रहे। श्री बांकेबिहारी मंदिर में गोवर्धन की आकर्षक झांकी सजाई गई। गोवर्धन महाराज के दर्शनों को मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शाम साढ़े छह बजे के बाद छप्पन भोग, अन्नकूट व पूड़ी प्रसाद का वितरण हुआ। गोवर्धन महाराज के पूजन के समय पूरा मंदिर जयकारों से गूंज उठा।
पंडित मुन्नालाल शास्त्री, अध्यक्ष छक्कूलाल पहलवान, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, भगवान सिंह, रामप्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे। मथुरा नगर में भक्तों ने आकर्षक तरीके से गोवर्धन महाराज की झांकी तैयार की थी। गोवर्धन का सजीव चित्रण किया गया। हेमंत अग्रवाल और संतोष अग्रवाल के साथ कई लोगों ने गोवर्धन महाराज की पूजा की।