मथुरा। यम द्वितीया से पूर्व यमुना के घाट एक ही रंग में रंगे नजर आएंगे। नगर निगम द्वारा उन पर रंग कराया जाएगा। शुक्रवार को यह निर्णय नगर निगम के अधिकारियों ने घाटों के निरीक्षण के बाद लिया। उनके द्वारा यम द्वितीया की तैयारियों के निर्देश भी दिए गए।
नौ नवंबर को यमुना में यम द्वितीया का स्नान किया जाएगा। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु यमुना का स्नान करने के लिए आते हैं। इस पर्व की तैयारियों के लिए शुक्रवार को महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, नगर आयुक्त समीर वर्मा ने निरीक्षण किया। उनके द्वारा नाव से स्वामी घाट से बंगाली घाट तक का निरीक्षण किया गया। महापौर ने बताया कि यम द्वितीया से पूर्व घाटों को एक ही रंग में रंगा जाएगा ताकि वह सुंदर दिख सकें।
यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शनिवार से यमुना की सिल्ट उठाने का काम भी प्रारंभ कर दिया जाएगा। साथ ही यमुना के घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम भी तैयार कराए जाएंगे।
नगर निगम की ओर से यमुना में बीस से अधिक नाव रहेंगी। अधिकारियों ने बेरीकेडिंग से लेकर टेंट तथा गोताखोर आदि की व्यवस्था भी करने के निर्देश दिए तथा यमुना में देवी मां की मूर्ति विसर्जन से होने वाली गंदगी को साफ करने के लिए यमुना में सफाई करने वाली मशीन चलवाई। उनके साथ चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर केके सिंह, महेश काजू आदि मौजूद थे।