मथुरा। नई दिल्ली से हैदराबाद जा रही तेलंगाना एक्सप्रेस में यात्री को खून की उल्टियां हो गईं। जीआरपी ने यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान यात्री की मौत हो गई।
ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के थाना धितरवा के गांव मेहगांव निवासी 40 वर्षीय मातादीन पुत्र गंगाराम दुकान करते थे। बुधवार रात्रि को वह तेलंगाना एक्सप्रेस से नई दिल्ली से ग्वालियर लौट रहे थे। वह जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे। कोसीकलां के निकट मातादीन को खून की उल्टियां होने लगीं तो यात्रियों व कोच कंडक्टर की मदद से कंट्रोल रूम को सूचना दी। मथुरा स्टेशन पर रेलवे के चिकित्सक व जीआरपी पहुंच गई। हालत खराब होने पर मातादीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सुबह मातादीन की हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
जीआरपी ने मातादीन के परिवारीजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। जीआरपी प्रभारी शिवकुमार पोनियां ने बताया कि मातादीन के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।