फिरोजाबाद/जसराना। लंबे समय से विद्युत तार चोरी करने वाला गिरोह पुलिस के लिए सरदर्द बना हुआ था। जनवरी से अभी तक बिजली तार चोरी के 11 मामले दर्ज हुए। एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया तो चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने चार को जेल भेजा है जबकि दो भागने में कामयाब रहे।
सीओ प्रेमप्रकाश यादव ने बताया कि सिरसागंज निवासी आनंद कुमार ने अठ्ठाईस पोल से विद्युत तार के चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने एसपी देहात महेंद्र सिंह को चोर पकड़ने के आदेश दिए। सोमवार की सायं पुलिस एसओजी के साथ गश्त कर रही थी। पुलिस ने सूचना पर मुस्तफाबाद से जसराना जा रही इको गाड़ी को घेराबंदी कर चार चोरों को पकड़ लिया, जबकि दो लोग भागने में कामयाब रहे। सीओ ने कहा कि पकडे़ गए अभियुक्तों को जेल भेजा रहा है। चोर गैंग बनाकर एका, फरिहा, खैरगढ़, जसराना थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने चोरों के पास से तीन क्विंटल तार के चार बंडल, दस किलो एलटी तार, बिजली का सामान, तीन तमंचे, पांच कारतूस, चाकू, ईको गाड़ी बरामद की है। आरोपियों में बंटू उर्फ बंटी सिंह निवासी राठौरनगर, लायक सिंह कुशवाहा निवासी खंजापुर, भूरा उर्फ सौदान सिंह निवासी मोहल्ला श्रीनगर गली नंबर दो आसफाबाद, मोहन सिंह निवासी हाजीपुरा लालपुर रोड शामिल हैं। जबकि राठौरनगर निवासी धर्मेंद्र और कंचन सिंह निवासी तुलसीनगर ताजगंज आगरा फरार हो गए।