फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डा. प्रवीन भाई तोगड़िया ने कहा नरेंद्र मोदी किसान, नौजवान, गाय और भाजपा की विचारधारा के विरोधी हैं। मोदी को भेजा था राम मंदिर का कानून बनाने के लिए परंतु वह तीन तलाक का कानून बनाने में जुट गए।
डा. प्रवीन भाई तोगड़िया शुक्रवार रात को पालीवाल हॉल में आयोजित गठनायक सम्मेलन एवं कारसेवक सम्मान समारोह में शामिल होन फिरोजाबाद पहुंचे। ऑर्चिटग्रीन में पत्रकार वार्ता में पाक के हमले और जिनेवा में वार्ता किए जाने के सवाल पर कहा कि इस देश का प्रधानमंत्री बिना निमंत्रण नवाज शरीफ का केक खाने चला जाए, मोस्टफेवरेट नेशन का दर्जा दे ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के आगे हार मान ली है। हमारे सैनिकों की आंखें निकाले ऐसे देश से वार्ता बंद कर देनी चाहिए। युद्ध करना चाहिए। मोदी जी बताएं कि 56 इंच का सीना किसे दिखा रहे थे। हमने तो सोचा था कि लाठी चलाने वाला मिसाइल भी चलाएगा लेकिन कुछ नहीं किया।
संघ प्रमुख मोहन भागवत के मुसलमानों के बिना हिंदुत्व अधूरा के सवाल पर कहा कि समय के साथ विचारधारा तो बदलती हैं लेकिन सत्ता के साथ बदल गई यह अजीब है। अब समझ में आया गौहत्या, लवजेहाद के बिना हिंदुत्व अधूरा है। सत्ता प्राप्त करके हिंदुओं को मूर्ख बनाने का काम किया है। सरदार पटेल ने आजादी के तीन वर्ष के बाद सोमनाथ का मंदिर बनवाया था। मोदी ने सत्ता में आने के बाद सभी को छोड़ दिया। भाजपा एवं उसकी विचारधारा को छोड़ दिया, धारा 370 छोड़ दी, हेडगेवार की विचाधारा छोड़कर मस्जिद में चले गए। कर्जवाले किसान, नौजवान को छोड़ दिया। राम को छोड़कर रहीम को अपना लिया। यही हाल रहा तो अगली सरकार हिंदुओं की होगी। इस दौरान संतोष वशिष्ठ, रमाकांत उपाध्याय, नरेश शर्मा मौजूद थे।