फिरोजाबाद। नगर निगम प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों में खराब गुणवत्ता व समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण न करने वाले ब्लैक लिस्ट ठेकेदारों के नाम सार्वजनिक करने का निर्णय लिया है, जिससे वह किसी अन्य सरकारी विभाग में भी कार्य न कर सकें।
नगर निगम में पहले बोर्ड का गठन होने के बाद भी निर्माण कार्य पटरी पर नहीं आ रहे। इसका प्रमुख कारण है कि लाखों रुपये के टेंडर हथियाने के महीनों बाद भी ठेकेदार कार्य नहीं कर रहे हैं। कुछ ठेकेदार कार्य भी कर रहे हैं तो मानकों को ताक पर रखकर कार्य कर रहे हैं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता खराब होने के कुछ ही महीनों में सड़कें, नाली, खड़ंजे उखड़ जाते हैं। जिससे शहर की जनता परेशान है। निर्माण कार्यों में लापरवाही व खराब गुणवत्ता पर नगर निगम द्वारा कई ठेकेदार ब्लैक लिस्ट किए गए हैं। नगर आयुक्त रविंद्रपाल सिंह ने ऐसे ठेकेदारों की सूचना नगर निगम परिसर के साथ सार्वजनिक स्थलों पर लगवाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने चीफ इंजीनियर, अधिशासी अभियंताओं को यह भी निर्देश दिए हैं कि नगर निगम के ब्लैक लिस्ट ठेकेदारों की सूची प्रदेश की सभी नगर निगमों में भेजी जाए तथा वहां के ब्लैक लिस्ट ठेकेदारों की सूची अपने यहां मंगाई जाए। इससे यह ठेकेदार फिरोजाबाद नगर निगम के साथ अन्य किसी नगर निगम में भी कार्य नहीं कर सकें। नगर आयुक्त के निर्देश पर निर्माण विभाग द्वारा ऐसे ठेकेदारों की सूची तैयार करना शुरू कर दिया है।