मथुरा। शहर को खुले में शौच मुक्त करने के लिए पार्षद अपने स्तर से प्रयास करेंगे। ऐसे स्पॉट को चिन्हित करेंगे जहां लोग खुले में शौच जाते हैं। निगरानी समिति तैयार करके ऐसे लोगों को जागरूक करेंगे और उनके घर पर शौचालय तैयार कराएंगे। सिटी जोन के पार्षदों के साथ हुई बैठक में संयुक्त नगर आयुक्त ने पार्षदों से शहर को स्वच्छ बनाने में मदद की अपील की।
उन्होंने बैठक में बताया कि आगामी दिनों में स्वच्छ भारत सर्वेक्षण की तैयारियां की जाएंगी। इसमें पार्षद अपना सहयोग प्रदान करें। बैठक में महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने भी पार्षदों को खुले में शौच मुक्त किए जाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मौजूद पार्षदों से कहा कि वे अपने-अपने वार्ड में खुले में शौच जाने वाले व्यक्तिओं को जागरूक करें। बैठक में पार्षद रितेश पाठक, ध्रुव नारायण शर्मा, आकाश महावर, माला महावर, सोनू गौड़, रामदास चतुर्वेदी, ऋचा चतुर्वेदी के अलावा पार्षद पति विकास, रामू चतुर्वेदी भी मौजूद थे।
आए आधे ही पार्षद
नगर निगम द्वारा सिटी जोन की बैठक में मात्र दस पार्षद ही उपस्थित हो सके । यह पार्षद भी निर्धारित समय के बाद ही आ सके। बताया जाता है कि अन्य पार्षदों के पास देरी से सूचना पहुंची। इसके चलते पार्षद नहीं आ सके। संयुक्त नगर आयुक्त ने बताया कि जल्द ही वह दूसरी बैठक बुलाएंगे।
प्रत्येक घर में हो शौचालय
प्रत्येक घर में शौचालय होने के लक्ष्य नगर निगम द्वारा तय किया गया है। इसके लिए बैठक में संयुक्त नगर आयुक्त ने पार्षदों से कहा कि जिनके घरों पर शौचालय नहीं और उन्होंने अभी तक इसके लिए आवेदन भी नहीं किया है पार्षद ऐसे लोगों का आवेदन खुद व खुद नगर निगम को दे सकते हैं।