मैनपुरी/कोसमा। घिरोर थाना क्षेत्र के गांव कोसमा मुसलमीन में मंगलवार देर शाम मामूली विवाद के बाद दो सामुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। मारपीट में एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। जानकारी होने पर चार थानों के फोर्स ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस फोर्स तैनात है।
कोसमा मुसलमीन निवासी अनिल कश्यप मंगलवार देर शाम करीब आठ बजे अपने चाचा अरवेश कश्यप को बस में बिठाने के लिए जा रहे थे। भट्टा चौराहा के पास पहले से मौजूद गांव के ही मुस्लिम समाज के चार युवकों से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद के बाद युवकों ने अनिल की पिटाई कर दी। कुछ देर बाद अनिल गांव पहुंचा तो आरोपी पक्ष के 20 से 25 लोगों ने लाठी डंडे लेकर उसके घर पर धावा बोल दिया। अनिल के पिता रामौतार और बहन राधा, भाई बंटी मारपीट में घायल हो गए।
बंटू ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही घिरोर, बरनाहल, दन्नाहार और कुरावली थानों का पुलिस फोर्स सीओ कुरावली सुरेश बाबू के नेतृत्व में गांव पहुंच गया। क्राइम ब्रांच और 100 डायल की टीम भी गांव पहुंच गई। पुलिस ने जब आरोपी पक्ष के यहां दबिश दी तो युवक घरों से भाग गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से अलग-अलग पूछताछ करके कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं दोनों पक्षों के पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सीओ कुरावली सुरेश बाबू ने बताया कि इस संबंध में किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। घायलों को इलाज कराया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।