शिकोहाबाद। स्वच्छ भारत मिशन और स्वस्थ भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी दिव्यांग प्रदीप सेन (22) साइकिल यात्रा पर निकले हैं। सात माह में दस हजार किमी. से भी ज्यादा का सफर तय कर कई जिलों में स्वच्छ भारत के लिए युवाओं को जागरूक कर रहे हैं।
बुधवार दोपहर प्रदीप सैन कोतवाली शिकोहाबाद पहुंचे और यहां कुछ समय के लिए आराम किया। पालिकाध्यक्ष पति अब्दुल वाहिद ने 2100 रुपये और कोतवाल विजय गौतम ने भी 2100 रुपये देकर युवा का उत्साह बढ़ाया। प्रदीप ने कहा कि अगर प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाए तो हम पर्यावरण को बचाने में कामयाब हो जाएंगे।
प्रदीप का वर्ष 2013 में एक ट्रेन हादसे में पैर कट गया था। उसके बाद से वह काफी मायूस रहने लगा, लेकिन साथी दिव्यांगों के हौसलों को देखकर उसके मन में भी दुनिया भ्रमण की जिज्ञासा उठी और उसने यह कर दिखाया।