मैनपुरी। जिले में किसानों को ऋण मोचन योजना का लाभ देने के लिए सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही 3298 किसानों को ऋण मोचन योजना का लाभ मिलेगा।
शासन ने किसानों को राहत देने के लिए ऋण मोचन योजना चलाई थी। इसके तहत एक लाख तक का कर्ज लेने वाले किसानों का कर्ज माफ किया जाना था।
शासन की ओर से किसानों का कर्ज माफ भी किया गया लेकिन इस दौरान कई किसानों ने पात्र होने के बाद भी योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की।
इन शिकायतों के समाधन के लिए शासन की ओर से किसान राहत पोर्टल की शुरुआत की गई। जिले से पोर्टल पर लगभग 12 हजार किसानों ने ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराईं।
शासन से निर्देश मिलने के बाद सर्वे का कार्य पूरा किया गया। इसमें 3298 किसान पात्र पाए गए। इनकी सूची शासन को भेज दी गई है। पात्र किसानों का 22 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया जाएगा।
जिले में 38012 किसानों का कर्ज पहले ही माफ किया जा चुका है। इसके लिए जिले में 275 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई थी। जिले में तीन चरणों में किसानों का कर्ज माफ किया गया था।