जमीन के विवाद में भतीजे ने की चाचा की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
एटा। जमीन के विवाद में भतीजे ने चाचा की गोली मार हत्या कर दी। घटना की जानकारी पर एसएसपी सहित थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले में मृतक की पत्नी ने थाना कोतवाली देहात में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव पवांस निवासी अभिराज (55) की उसके भाई सुधीर और सुनील से प्लाट को लेकर रंजिश थी। विवाद के कारण शुक्रवार देर शाम दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि मारपीट के बाद अभिराज के भतीजे रणधीर ने फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान अभिराज के सीने में गोली लगी और वह लहूलुहान हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन यहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पर कोतवाली देहात पुलिस के साथ एसएसपी अखिलेश चौरसिया मौके पर पहुंच गए। मामले में अभिराज की की पत्नी सरला देवी ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच कराई जा रही है। जांच में आने वाले तथ्यों पर कार्रवाई की जाएगी।
बच्ची के हत्यारोपी पुलिस गिरफ्त से दूर
एटा। थाना मलावन क्षेत्र के गांव बिरसिंहपुर निवासी गुड़िया पुत्री रामप्रकाश की हत्या के आरोपी महेंद्र पुत्र नौबतसिंह निवासी नगला भूपाल आदि को पुलिस दूसरे दिन शनिवार को भी नहीं पकड़ सकी। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच कर आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि पुआल उठाने को लेकर हुए विवाद में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की पीटकर हत्या कर दी गई थी।