मथुरा। जिला अस्पताल में दवाओं का फिर संकट खड़ा हो गया है। कैल्शियम और विटामिन की दवाओं का स्टाक पूरी तरह से खत्म हो गया है। कई और भी दवाएं ढूंढे नहीं मिल रही हैं। चिकित्सकों ने इस संकट से बचने के लिए ऐसी दवाओं को मरीजों के लिए लिखना भी बंद कर दिया है।
महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल में दवाओं का संकट पिछले कई माह से बना हुआ है। संबंधित एजेंसियां दवाओं की निरंतर मांग के बाद भी उन्हें उपलब्ध नहीं करा रही हैं। इसकी सूचना निदेशक स्वास्थ्य को भी दे दी गई है।
पिछले दिनों इस स्थिति में बाजार से दवाओं की खरीद की गई थी। आवश्यकता वाली दवाएं जिला अस्पताल के लिए खरीदी गईं। लेकिन डिमांड के मुताबिक आपूर्ति कम होने की स्थिति में दवाओं का फिर टोटा पड़ गया है। कैल्शियम और विटामिन का स्टाक पूरी तरह से खत्म हो गया है।
खांसी की दवा भी नहीं मिल रही है। इनके अलावा कई अन्य दवाएं भी स्टाक में नहीं है। इस स्थिति को देखते हुए चिकित्सक इन दवाओं को मरीज के लिए लिखने से बच रहे हैं।
सीएमएस डॉ. विमल कुमार गुप्ता ने बताया कि यह स्थिति काफी समय से है, लेकिन कुछ समय पहले बाजार से खरीद करते हुए दवा की पूर्ति की गई थी। अब फिर दवाएं खत्म हो गई हैं। इसकी जानकारी निदेशक स्वास्थ्य को दे दी गई है।