फिरोजाबाद। 14वें वित्त आयोग की जिले को जारी की गई करोड़ों की धनराशि को प्राथमिकता के आधार पर पेयजल समस्या के निदान में खर्च किया जाएगा। अन्य कार्य बाद में कराए जाएंगे। डीएम ने निर्देश जारी किए हैं।
शासन स्तर से हाल ही में राज्य वित्त के जरिए 221.073 और 14वें वित्त आयोग के जरिए 3752 लाख की धनराशि जारी की गई है। गर्मी के मौसम में ग्राम पंचायतों में खराब टीटीएसपी, पेयजल परियोजना, हैंडपंप का रिबोर अथवा अस्थायी खराबी के कारण बंद हैंडपंपों की मरम्मत राज्य वित्त एवं 14वें वित्त आयोग से जारी की गई धनराशि से सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। डीएम नेहा शर्मा ने निर्देश दिए समस्या का निदान होने के बाद ही ग्राम पंचायतों में विकास संबंधी अन्य कार्य कराए जाएंगे।
खराब टीटीएसपी व पेयजल परियोजना का स्टीमेट तैयार कराने के लिए अधिशासी अभियंता जलनिगम को कहा है। डीपीआरओ गिरीशचंद्र ने बताया कि सभी ब्लाकों को निर्देश देने के साथ ही पंचायत सचिवों को आदेश की प्रति थमा दी है।