फिरोजाबाद। सुहाग नगर जैन मंदिर में पुष्पदंतसागर के शिष्य झुल्लक प्रयोगसागर महाराज ने रविवार को प्रवचन दिए। उन्होंने बताया कि जिस धरा पर मंदिर का निर्माण होता है और सभी समाज के परिवारीजन नित्य प्रभु की पूजा भक्ति करते है, मुनिराजों का आहार कराते हैं वहां का समाज निरंतर वृद्धि की ओर अग्रसर होता है।
क्षुल्लक महाराज ने बताया कि भक्तों को सदैव दान व पूजा का भाव रखना चाहिए। जो दान के लिए सदैव तैयार रहता है। वह हमेशा प्रभु के आशीर्वाद से लाभांवित होता है। जहां मुनियों के चरण पड़ते हैं, चातुर्मास होते है, वहां की मिट्टी सदैव जागृत रहती है। इसके विपरीत पूजापाठ न होने वाले क्षेत्रों में नर्क का बंधन होता है। जो दान देगा उसके बुरे कर्मों का क्षय होगा।
पापों का नाश होगा। अत: नर्क व स्वर्ग का मार्ग आप स्वयं ही तैयार करते हैं और दोषारोपण किसी और पर करते हैं। प्रवचन के दौरान सुहाग नगर मंदिर समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश जैन, महामंत्री नवीन जैन, कोषाध्यक्ष चक्रेश कुमार जैन, दिलीप जैन, रामप्रकाश जैन, रमेश चंद जैन, गिरीश चंद जैन, सुमन चंद्र जैन, जय चन्द जैन उपस्थित रहे।