फरह/राया (मथुरा)। अलग-अलग सड़क हादसों में वृद्धा समेत दो की मौत हो गई। थाना फरह में अछनेरा रोड पर फैले अनाज को बीन रही वृद्धा सड़क हादसे का शिकार हो गई। वहीं, राया के हाथरस रोड पर सोनई स्टेशन के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया।
थाना फरह के गांव आम का नगला निवासी रामकली (67) पत्नी रामखिलाड़ी शनिवार की रात ट्रैक्टर-ट्राली में खेत से गेहूं लादकर ला रही थी। गेहूं सड़क पर फैल जाने पर वृद्धा उसे बीनने लगी। इसी बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्धा की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने वाहन का पीछा किया, पर वह हत्थे नहीं चढ़ सका। उधर, थाना राया के नगला वामन निवासी महेश (42) वर्ष पुत्र रघुवीर सिंह अपने साथी मुकेश (40) पुत्र शिवपाल के साथ बाइक से सोनई गए थे।
यहां से लौटते वक्त हाथरस रोड के गांव सोनई के समीप पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर बाइक चला रहे महेश की मौत हो गई, जबकि मुकेश घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। हालत चिंताजनक होने पर मुकेश को आगरा रेफर कर दिया गया।