नगर के तहसील रोड गप्पू चौराहे पर दो पक्षों के बीच बैटरी को लेकर हुए विवाद में बुधवार की देर सायं दोनों पक्षों में मारपीट हुई। जिसमें एक पक्ष का युवक गोली लगने से घायल हो गया। इसी पक्ष के दो अन्य युवक मारपीट में घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक तालिब और फुरकान के बीच बैटरी को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार की सुबह भी दोनों के बीच इस बात को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन लोगों ने विवाद को शांत करा दिया। देर सायं फुरकान पक्ष के लोग तालिब के पास आ गए और झगड़ा होने लगा। इस दौरान फुरकान पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। इस फायरिंग के दौरान गोली तालिब को लगी जो उसके सिर को रिगड़ती हुई निकल गई। मारपीट के दौरान तालिब का भाई ताहिर और वाहिद के भी चोटें आ गईं। पुलिस ने तालिब को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। उसकी स्थिति खतरे के बाहर बताई गई है। कोतवाली पुलिस घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंच गई। फायरिंग के कारण गप्पू चौराहे में भगदड़ मच गई। चौराहे पर पुलिस तैनात कर दी गई। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी। इंस्पेक्टर रिपुदमन सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
फायरिंग होते ही सख्ते में आए लोग
कासगंज। तहसील रोड गप्पू चौराहे पर देर सायं हुई फायरिंग व मारपीट की घटनाओं को लेकर लोग सख्ते में आ गए। गौरतलब है कि इसी इलाके में 26 जनवरी को तिरंगा यात्रा के विवाद में युवक चंदन की हत्या हुई थी और तहसील रोड पर जमकर फायरिंग और पत्थरबाजी हुई थी। बुधवार की सायं फायरिंग की सूचना से लोग सख्ते में आ गए। जब स्थिति की सही जानकारी लोगों को हुई तो उन्होंने राहत की सांस ली। विवाद एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच था।