मैनपुरी। सार्वजनिक स्थानों पर यदि आपने धूम्रपान किया तो आप पर जुर्माना लगेगा। यह आदेश अब केवल हवा में नहीं हैं। इसका जिला अस्पताल में पालन भी होने लगा है। जिला अस्पताल में धूम्रपान करने पर एक होमगार्ड को 200 रुपये का जुर्माना देना पड़ा।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में जगह-जगह धूम्रपान निषेध के बोर्ड चस्पा लगे हैं। इसके बाद भी लोग वहां आकर धूम्रपान करते हैं। रविवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में थाना बरनाहल क्षेत्र में तैनात होमगार्ड चंद्रशेखर पहुंचे। उनके द्वारा यहां धूम्रपान किया गया, जिसे इमरजेंसी में तैनात ईएमओ ने देख लिया।
उन्होंने तुरंत होमगार्ड चंद्रशेखर की 200 रुपये के जुर्माना के लिए रशीद काट दी गई। सीएमएस डा. आरके सागर का कहना है कि महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अस्पताल में आने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि वे यहां आकर धूम्रपान न करें यदि उनके द्वारा धूम्रपान किया जाएगा तो उनकी जुर्माना रशीद काट दी जाएगी।