एटा। बुलंदशहर से अवागढ़ में दोस्त की शादी में शामिल होने आए युवक से रोडवेज बस स्टैंड पर दो लोगों ने दो अंगूठी, जंजीर और सात हजार रुपये पार कर लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली नगर में दर्ज कराई है।
बुलंदशहर थाना छतारी के गांव सहार निवासी जीतपाल पुत्र राजेन्द्र सिंह के दोस्त विवेक यादव की मंगलवार को शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए जीतपाल अपने घर से अवागढ़ क्षेत्र के गांव खेरिया गया था। जहां से बुधवार दोपहर को वह घर लौट रहा था। घर जाने के लिए वह रोडवेज बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था। उसी समय दो लोग उसके पास जा पहुंचे और खुद को बैंक में चलने वाली कार का चालक बताकर अलीगढ़ तक छोड़ने की बात कही।
शातिरों ने युवक से कहा कि अलीगढ़ की तरफ जाने वाली बसें बंद है। ऐसे में वह उसे अपनी गाड़ी से अलीगढ़ पहुंचा देंगे। इसके बाद जीतपाल उनके साथ चलने लगा। तभी आरोपियों ने युवक से चेकिंग का बहाना बनाकर दो अंगूठी, जंजीर एवं सात हजार रुपये एक लिफाफे में रखवा लिए। कुछ दूर चलने के बाद आरोपी उसे पत्थर रखकर लिफाफा थमाकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका।