मैनपुरी। जिले में बिना मान्यता के संचालित स्कूलों पर विभाग कार्रवाई करेगा। जिले में 200 स्कूल ऐसे चल रहे हैं। खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग ने सूची बनाई है जिले में बिना मान्यता के 200 से अधिक स्कूल संचालित हो रहे हैं। जिन पर विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है। बीएसए विजय प्रताप सिंह ने जिले के सभी ख्ंाड शिक्षाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने क्षेत्र में संचालित मान्यता प्राप्त स्कूलों की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराएं। जो स्कूल बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं उन्हें हर हाल में बंद कराया जाए। साथ ही मान्यता प्राप्त स्कूलों के प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी नवीन मान्यता की छाया प्रति एवं सोसाइटी पंजीयन की छाया प्रति उनके कार्यालय में खंड शिक्षाधिकारियों के पास जमा कर दें।
नगर शिक्षाधिकारी शंकर दयाल नामदेव ने नगर क्षेत्र के सभी मान्यता प्राप्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वो तीन दिन में नवीन मान्यता की छाया प्रति, सोसाइटी पंजीयन की छाया प्रति कार्यालय खंड शिक्षाधिकारी नगर क्षेत्र के पास जमा कराएं। बिना मान्यता संचालित स्कूलों को बंद कर दिया जाए।
किसी भी कीमत पर बिना मान्यता के स्कूल संचालित नहीं होने दिए जाएंगे। बिना मान्यता वाले प्रधानाध्यापक स्कूल बंद कर दें अन्यथा की स्थिति में अभियान चलाकर उनके विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- विजय प्रताप सिंह, बीएसए