फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल कराने आए आए दो पक्ष संयुक्त चिकित्सालय में किसी बात पर भिड़ गए। दोनों तरफ के लोगों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इमरजेंसी में तैनात स्टाफ में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
गांव नगला धर्म निवासी वृंदावन और चोबसिंह के लोगों के बीच शौच को लेकर विवाद हो गया। गाली गलौज के बाद दोनों तरफ से जमकर लाठी चार्ज हुआ और फायरिंग हुई। जिसमें दोनों पक्ष से एक-एक युवक घायल हो गया। सिरसागंज पुलिस घायल धर्मेंद्र और रामभरोसे को मेडिकल के लिए संयुक्त चिकित्सालय लाई।
दोनों ही पक्ष के आठ-दस लोग साथ आए। पहला पक्ष मेडिकल कराने के बाद अस्पताल में ही रुक गया। जैसे ही दूसरा पक्ष आया तो दोनों के समर्थक आमने-सामने आते ही भिड़ गए। मारपीट के बाद पथराव शुरू हो गया। परिसर में पड़ी ईंटें और पत्थर एक दूसरे पर फेंकने लगे। जिससे स्टैंड पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। चीख पुकार से इमरजेंसी में तैनात स्टाफ भी भयभीत हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख भागने लगे। भागते हुए लोगों में से थाना पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत लिया और हवालात में बंद कर दिया।
इमरजेंसी में आए दिन होने वाले बवाल से चिकित्सक और स्टाफ परेशान हैं। मंगलवार को सुबह हुए पथराव और मारपीट से पूरा स्टाफ दहशत में आ गया। घटना के बाद स्टाफ ने एक मीटिंग कर प्रशासन से इमरजेंसी में सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. श्याम मोहन ने बताया कि थाने में पुलिस चौकी के लिए व्यवस्था कर दी है। यहां कोई पुलिसकर्मी नहीं भेजा जा रहा है। इस मामले में एसपी ग्रामीण ने बताया अस्पताल में चौकी नहीं बनी है। सुरक्षा की दृष्टि से पिकेट रात और दिन में चक्कर लगाती रहती है।