मैनपुरी। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को पालिकाध्यक्ष मनोरमा देवी से मुलाकात की। इस दौरान सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर 10 सूत्रीय ज्ञापन में पालिकाध्यक्ष को सौंपा।
पालिकाध्यक्ष को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका में हेल्थ मैनुअल व नए परिसीमन के आधार पर नए सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए। सफाई कर्मचारियों से रात्रि में काम कराया जा रहा है इसे बंद कराया जाए। रात्रि के लिए अलग से सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति कराई जाए। बैकलॉग से भर्ती सफाई कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं। उनसे काम कराया जाए अन्यथा उनकी सेवाएं समाप्त की जाएं।
दैनिक वेतन पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को शीघ्र वेतन दिलाया जाए। सफाई कर्मचारियों का प्रतिमाह स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। सुरक्षा के लिए मास्क, दस्तानें, बूट आदि उपलब्धस कराए जाएं। संविदा सफाई कर्मचारियों का वेतन 18360 शासन ने तय कर दिया है उसी के हिसाब से मानदेय भुगतान कराया जाए। अभी तक सर्दियों में गर्म बर्दी नहीं दी गई है, शीघ्र दिलाई जाए। मृतक एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी प्रकार के बकाया का भुगतान किया जाए। प्रत्येक वार्ड में नए कूड़ाघर बनवाए जाएं जिससे कि शहर को स्वच्छ रखा जा सके।
इस दौरान सफाई मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू बाल्मीकि, घनश्याम दास, जेडी पथरिया, अशोक बाल्मीकि, रघुनाथ, अरविंद बाल्मीकि, मिथुन बाल्मीकि, मुकेश वेदल, राजकुमार, मनोज बाल्मीकि, सुशील सरगम, राजेश शिवजी, आदि लोग मौजूद रहे।