एटा। जनपदीय मिनी बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि सीडीओ उग्रसेन पांडेय एवं एडीएम महेश चंद्र शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि खेलों से शरीर ही नहीं मन भी स्वस्थ होता है। विशिष्ट अतिथि एसएन कुशवाहा डीडीओ, मनोज कुमार गिरि डायट प्राचार्य एवं एसपी यादव डीआईओएस ने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है बस उन्हें सही मार्गदर्शन चाहिए।
पंडित पंत स्टेडियम में गुरुवार को क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज किया गया। सरस्वती वंदना के बाद स्वागत गीत के बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुति दीं। इस दौरान प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ में अंजली पाल अलीगंज प्रथम, सकीट की रोशनी द्वितीय रहीं। 600 मीटर दौड़ में कल्पना मारहरा प्रथम, साधना जैथरा द्वितीय रही। 200 मीटर में कल्पना मारहरा प्रथम, सपना जैथरा द्वितीय रहीं। कबड्डी में शीतलपुर, चक्का में गुंजन, जलेसर एवं गोला फेंक में मारहरा की शालू प्रथम रहीं।
सकीट की छात्राओं ने ताइक्वांडो का प्रदर्शन किया। बच्चों के रैली संयोजक श्याम किशोर तिवारी ने अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से खेल प्रतिभाएं चिह्नित ही नहीं होतीं वरन प्रोत्साहन भी मिलता है। इस दौरान डीएसओ उमेश मिश्र, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तूलिका शर्मा, बीईओ नीरजा चतुर्वेदी, एसपी सिंह, प्रधानाचार्य डीके सिंह, डीसी संजय मिश्र, मदनचंद्र राजपूत, संजय शर्मा, राजीव यादव, रजनेश यादव, मनीष दुबे, लोकपाल सिंह, ओमेंद्र सिंह, शशिकांत, वीरपाल सिंह, मुनेश सिसौदिया, विश्वनाथ सिंह, राजकुमार पाराशर आदि मौजूद रहे। संचालन शेर सिंह शाक्य ने किया।