मांट (मथुरा)। मांट के गांव डांगोली में बुर्जा आश्रम के शनिदेव मंदिर के महंत रामदास की हत्या के बाद उनका इकलौता पुत्र न तो पिता का शव लेने आया और न ही उसने अभी तक पुलिस से ही संपर्क किया है। बाबा का अंतिम संस्कार भी ग्रामीणों ने चंदा करके कर डाला।
27 नवंबर को महंत रामदास की उस वक्त हत्या कर दी गई थी, जब वह गैस पर दूध उबाल रहे थे। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों में कुछ ऐसे भी थे जिनके पास महंत के घर और उसके पुत्र के मोबाइल नंबर भी थे। इन्हीं लोगों ने उसके पुत्र मनोज को घटना की जानकारी भी दी थी। बावजूद पुत्र ने आने में असमर्थता जाहिर कर दी।
पुलिस ने ग्राम प्रधान बाबूलाल की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। उम्मीद थी कि महंत का पुत्र मनोज अपने पिता का शव लेने जरूर आएगा। ऐसा नहीं हुआ तो बाबा का अंतिम संस्कार भी ग्रामीणों ने चंदा करके कर डाला। इसके बाद भी अभी तक मनोज नहीं आया। पुलिस का दावा है कि हत्या को लेकर कुछ सुराग हाथ लगे हैं। और जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।