मथुरा। विधायकों की निधि में डेढ़-डेढ़ करोड़ की रकम पड़ी है लेकिन विधायकों ने एक धेला भी अभी तक खर्च नहीं किया है। प्रशासन को किसी ने प्रस्ताव ही नहीं दिया है जिससे कोई काम कराया जा सके। मई माह में विधायकों के खातों में विधायक निधि पहुंच गई थी। पहली किश्त के रूप में 62-62 लाख की रकम जारी की गई थी, लेकिन विधायकों ने उस पैसे को भी खर्च नहीं किया था। न किसी ने सड़क के लिए प्रस्ताव दिया और न ही बिजली और दूसरे कार्यों के लिए। अभी पुराना पैसा खर्च हो नहीं पाया था कि सरकार ने आचार संहिता लगने से पहले दूसरी किश्त भी जारी कर दी है। जिससे अब हर विधायक के खाते में डेढ़-डेढ़ करोड़ की रकम पहुंच गई है क्योंकि अब तो आचार संहिता लग गई है लिहाजा विकास कार्य नहीं होंगे। अब चुनाव के बाद ही निधि का इस्तेमाल हो सकेगा। परियोजना निदेशक रवि किशोर त्रिवेदी ने बताया कि विधायक निधि की दूसरी किश्त शासन से आ गई है। विधायकों को इसकी सूचना दे दी गई है।
क्षेत्र में सड़कों के निर्माण को नहीं दिया पैसा
मथुरा। हर विधानसभा क्षेत्र में सड़कें जर्जर हैं। पता ही नहीं चलता कि गड्ढों में सड़क है या फिर सड़क में गड्ढे हैं। सड़कों का बुरा हाल है लेकिन विधायक इस तरफ कोई ध्यान दे ही नहीं रहे हैं। अगर निधि का इस्तेमाल कर लेते तो काफी हद तक तो गड्ढे दूर किए ही जा सकते थे।