मथुरा। न तो जंक्शन पर ही कोई सुरक्षा है और न ही ट्रेन में। जीआरपी वाले तो पूरी तरह से फेल साबित हो रहे हैं। स्थिति यह है कि ट्रेनों में बढ़ती वारदातों ने हर किसी को बेचैन कर दिया है। लेकिन जीआरपी वालों की नींद नहीं टूट पा रही है। मथुरा में हर रोज बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त पहुंचते हैं। लेकिन जंक्शन पर सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। सब कुछ राम भरोसे ही चल रहा है। अगर कहीं कोई वारदात हो जाती है तो जीआरपी वाले या तो पहुंचते ही नहीं अगर पहुंचते भी हैं तो घंटों का वक्त लग जाता है। मथुरा जीआरपी पहले भी सवालों के घेरे में रही है। ट्रेनों में कई गैंग सक्रिय हैं लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। अगर बदमाशों को पकड़ लिया गया होता तो इस तरह से वारदातें न हो रही होतीं। पिछले दिनों आईजी भजनीराम मीणा ने सभी जीआरपी प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि दिवाली पर भीड़ बढ़ेगी लिहाजा चौकसी बरती जाए। लेकिन कोई चौकसी नहीं की जा रही। ट्रेनों में वारदातें बढ़ गईं हैं।