आगरा। पहले से मंदी की मार झेल रहे रीयल एस्टेट को निबंधन विभाग ने एक और झटका दिया है। जिन क्षेत्रों में प्रापर्टी सबसे ज्यादा बिक्री के लिए है, उन क्षेत्रों में सर्किल रेट बढ़ाए गए हैं। हालांकि यह बढ़ोत्तरी ज्यादा नहीं है लेकिन रीयल एस्टेट पर इसका बड़ा असर पड़ेगा। ये रेट तब बढ़ाए गए हैं, जबकि तमाम बिल्डरों के कई प्रोजेक्ट में पांच हजार से अधिक फ्लैट ही बिक्री का इंतजार कर रहे हैं।
शास्त्रीपुरम और आवास विकास ये दोनों शहर के हाल ही में आबाद होने वाले क्षेत्र हैं। मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए यह उपयुक्त क्षेत्र है। इसी को देखते हुए तमाम बिल्डरों ने इन्हीं दोनों क्षेत्रों में कई प्रोजेक्ट लांच किए थे। कई पूरे भी हो गए हैं। नोटबंदी के बाद से एकदम से पूरा बाजार ध्वस्त हो गया।
ऐसे में इनके फ्लैट और अन्य प्रॉपर्टी की भी बिक्री भी लटक गई। खरीदारों ने एकदम से मुंह मोड़ लिया। मगर, इन क्षेत्रों की सर्किल दरें बढ़ाकर एक और झटका दे दिया है। शास्त्रीपुरम क्षेत्र में सर्किल दर 15 से बढ़ाकर 16 हजार रुपये, आवास विकास में 17 से बढ़ाकर 18 हजार रुपये, दहतोरा में आठ से बढ़ाकर नौ हजार रुपये प्रति वर्गमीटर की गई है।
रीयल एस्टेट में मंदी है, इसके बावजूद प्रॉपर्टी की कीमतों में कोई गिरावट नहीं है। इसी को देखते हुए नई दरों में थोड़ी बहुत वृद्ध की गई है।
- निरंजन कुमार, एआईजी स्टांप