आगरा। शहर की पॉश कालोनी लताकुंज में हैंडीक्राफ्ट कारोबारी सत्येंद्र शर्मा के घर 23 मार्च को पड़ी डकैती का खुलासा तो पुलिस चार महीने में नहीं कर पाई लेकिन इस वारदात के बाद कालोनी में शुरू की गई रात की गश्त 15 दिन में ही बंद कर दी गई।
कालोनी के लोग अब खुद ही सुरक्षा के इंतजाम करने में लगे हैं। कालोनी के प्रवेश द्वार पर लोहे का गेट लगवा दिया है। रेलवे लाइन की तरफ से जिस दीवार से होकर बदमाश आए थे, उस पर लोहे के कंटीले तार लगा दिए हैं।
कालोनी में पहले भी वारदात हो चुकी हैं। डकैती कोठी नंबर 10 में पड़ी थी जबकि इससे पहले कोठी संख्या 11, छह और 24 में चोरी हुई। कालोनी की सोसायटी के मौजूदा अध्यक्ष सुरेश चंद शर्मा के घर बड़ी चोरी हुई थी।
पुलिस ने काफी दिन बाद खुलासा किया लेकिन बरामदगी कुछ नहीं हुई। सत्येंद्र शर्मा के घर भी यह पहली वारदात नहीं थी। इससे पहले भी बदमाश आए थे। तब भी रेल लाइन की ओर से ही कालोनी में प्रवेश किया था।
डकैती के बाद कालोनी के लोगों ने सुरक्षा के लिहाज से दो बड़े काम किए। एक तो प्रवेश द्वार पर लोहे का बड़ा गेट लगाया। यह पहले भी लगा था लेकिन एडीए ने इसे अवैध बताकर ढहा दिया था। डकैती के बाद लोगों ने प्रशासन के बात की, तब गेट लगा।
दूसरा, जिस दीवार से बार बार बदमाश आ रहे थे, उस पर लोहे के तार लगवा दिए। कालोनी के लोगों का कहना है कि कम से कम डकैती का खुलासा होने पर पुलिस को गश्त करनी चाहिए थे लेकिन 15 दिन बाद ही बंद कर दी गई।