एटा। जुलाई माह का वेतन बिल बायोमैट्रिक से हाजिरी की प्रिंट आउट एवं सीसीटीवी कैमरा रिपोर्ट के साथ पास किया जाएगा। शासन के निर्देश के बाद गंभीर जिला विद्यालय निरीक्षक ने माध्यमिक विद्यालयों को इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
मनचाहे समय पर स्कूल पहुंचने शिक्षकों को अब अपनी आदत सुधारनी होंगी। क्योंकि अब प्रधानाचार्य की संस्तुति पर वेतन भुगतान नहीं हो सकेगा। बायोमैट्रिक एवं सीसीटीवी कैमरों के साक्ष्य के आधार पर ही पगार का भुगतान होगा। एक जुलाई से शुरू हुए सत्र में बायोमैट्रिक मशीन जहां उनकी उपस्थिति का प्रमाण देगी। वहीं कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरे इनके अध्यापन कार्य की पुष्टि करेंगे।
शासन के निर्देश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम प्रकाश यादव ने जिले में संचालित समस्त राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों को अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे एवं बायोमैट्रिक मशीन लगवाने के निर्देश दिए हैं।
चेतावनी दी कि जुलाई माह का वेतन बिल बायोमैट्रिक अटेेंडेंस के प्रिंट आउट एवं सीसीटीवी कैमरे की रिपोर्ट के बाद ही पास किया जाएगा। जिले में 18 राजकीय एवं 54 सहायता प्राप्त विद्यालय संचालित हैं।
विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरा व बायोमैट्रिक मशीन की अनिवार्यता है। विद्यालयों में अनुपालन के निर्देश दे दिए गए हैं। जुलाई माह का वेतन बिल सीसीटीवी कैमरे की रिपोर्ट एवं बायोमैट्रिक मशीन की प्रिंट आउट देखकर ही पास किया जाएगा।
-श्याम प्रकाश यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक