मैनपुरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला, तहसील और ब्लाक स्तर पर योग शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए जिलाधिकारी यशवंत राव ने उद्योग व्यापार मंडल, स्वयं संवी संगठनों के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और योग में रुचि रखने वाले संभ्रांत लोगों से 21 जून को अमन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता करने को कहा।
अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा योग स्थल पर जो भी होर्डिंग, बैनर आदि लगाए जाएं उन पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय का अनुमोदित लोगो अवश्य हो। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस व पंडित दीन दयाल जन्म शताब्दी वर्ष के तहत प्रत्येक विकास खंड और जिला स्तर पर कार्यक्रम होंगे। यातायात, मंच, बैनर, टैंट, ध्वनि विस्तारक यंत्रों, साज सज्जा, पेयजल, चिकित्सा एवं एंबुलेंस, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।
जिला विद्यालय निरीक्षक आरपी यादव को योग दिवस में सभी स्कूल, कालेजों के प्रधानाचार्य, अध्यापक, इंटर व डिग्री कालेजों के छात्र, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं को शामिल कराने की जिम्मेदारी दी गई है। योग स्थल पर साफ सफाई की व्यवस्था, पानी, मोबाइल टायलेट की व्यवस्था के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को नामित किया है।
प्राथमिक उपचार के लिए सभी आवश्यक उपकरणों, दवाओं एवं एंबुलेंस पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था मुख्य चिकित्साधिकारी करेंगे। इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से एलईडी वैन के जरिए लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। एलईडी वैन योग दिवस से एक दिन पूर्व जिले में आएगी। बैठक में सीडीओ विजय कुमार गुप्ता, सीएमओ डा. शरद वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक आरपी यादव आदि मौजूद रहे।
अमन इंटरनेशनल स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री व नगर विकास मंत्री गिरीश चंद्र यादव प्रतिभाग करेंगे। इस अवसर पर डा. चंद्रमोहन, दाखश्री, राकेश, होरीलाल, श्रीदेवी, रमेशकुमार दुबे, कैप्टन सुभाष बाबू सिंह चौहान, नीरज चौहान, सचिन चौहान आदि मौजूद थे।