मथुरा। शिक्षिका को मोबाइल फोन पर बात करते हुए रेल लाइन पार करना भारी पड़ गया। रेल लाइन पार करते समय उसे ठोकर लगी और वह ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे शिक्षिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गोवर्धन के खेरा मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय महिला राखी कटारा पत्नी संजय कटारा गोवर्धन के निजी स्कूल में शिक्षिका थी। रविवार सुबह राखी किसी काम से मथुरा आई थी। करीब 11 बजे वह भूतेश्वर पुल के पास मोबाइल पर बात करते हुए मथुरा-दिल्ली रेल लाइन पार कर रही थी। तभी उसे ठोकर लगी और वह ट्रैक पर गिर गई। इसी दौरान ट्रेन आ गई और राखी कटारा का सिर इंजन से टकरा गया।
राखी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी व कृष्णानगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। महिला के पास दो मोबाइल व तीन सिम मिले हैं। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने महिला की शिनाख्त की। कृष्णानगर चौकी प्रभारी ने बताया कि राखी कटारा का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत
फरह क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से 20 वर्षीय राज कुमार पुत्र महेंद्र सिंह निवासी सीताराम की मड़िया थाना डौकी आगरा की मौत हो गई। फरह पुलिस ने राज कुमार का शव का पोस्टमार्टम कराया है।