मैनपुरी। बीएसए और एबीएसए के विवाद के बाद एडी बेसिक ने सैफई अस्पताल पहुंचकर एबीएसए से जानकारी जुटाई है। एक शिक्षिका की जांच के संबंध में दोनों अधिकारियों के बीच विवाद गहरा गया है। एबीएसए ने अपना पक्ष रखते हुए एडी बेसिक को साक्ष्य के तौर पर कई अभिलेख सौंपे हैं।
बरनाहल विकास खंड के एक स्कूल में कार्यरत शिक्षिका के संबंध में डीएम से की गई शिकायत के बाद बीएसए रामकरन यादव ने एबीएसए मैनपुरी भारती शाक्य को शिकायत की जांच सौंपी थी। जांच के दौरान कई पत्र आडियो वायरल होने के बाद बीएसए तथा एबीएसए के बीच विवाद गहरा गया।
शिक्षिका ने एबीएसए पर जांच के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगाया। शिक्षक संगठन भी एबीएसए के खिलाफ सामने आया और बीआरसी पर एबीएसए के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसी बीच मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन ने बीएसए कार्यालय के कई मामलों की जांच आयुक्त आगरा मंडल को सौंपकर नौ जून तक तथ्यात्मक संस्तुति सहित रिपोर्ट मांगी है। 10 जून को लखनऊ में प्रदेश भर के बीएसए की बैठक होनी है।
इसी बीच एबीएसए मानसिक अवसाद के चलते सैफई अस्पताल में भर्ती हुईं। एडी बेसिक गिरिजेश चौधरी गुरुवार की सायं सैफई अस्पताल में एबीएसए के पास पहुंचे। उन्होंने एबीएसए से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली। एबीएसए ने अपना पक्ष रखते हुए एडी बेसिक को साक्ष्य के तौर पर कई अभिलेख भी सौंपे हैं। सूत्रों की मानें तो एडी बेसिक ने दोनों पक्षों के बीच समझौते की संभावनाओं को भी तलाश किया है। उन्हाेंने कहा इस तरह के विवादों से विभाग की छवि धूमिल होती है।