आगरा के बाह थाना क्षेत्र के गांव पुरा जसोल में शुक्रवार रात सिलिंडर से गैस रिसाव रोकने गया युवक आग लगने पर लपटों में घिर गया। चीख-पुकार सुन बचाने परिजन और पड़ोसी पहुंचे लेकिन वो भी लपटों में घिर गए। किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झुलसे 14 लोगों को अस्पताल भेजा। कई की हालत गंभीर बनी है।
घटना रात तकरीबन 10 बजे की है। पुरा जसोल, बाह निवासी जितेंद्र के घर में सिलिंडर से गैस रिसाव हो रहा था। पता चलने पर जितेंद्र रसोई में चले गए। अचानक आग लग गई। जितेंद्र दरवाजा नहीं खोल सके। वो अंदर ही फंस गए। यह देखकर पत्नी और बच्चों ने शोर मचा दिया। इस पर पड़ोस के लोग आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, परिवार के लोगों के शोर मचाने पर जितेंद्र ने किसी तरह दरवाजा खोला। मगर वह खुद आग की लपटों में घिरा हुआ था। उन्हें बचाने के लिए लोग दाैड़े। मगर वह भी झुलस गए। बाद में किसी तरह पानी डालने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक 14 लोग झुलस गए थे।
एसएन और सैफई रेफर : झुलसने वालों में जितेंद्र के पिता भागीरथ, बहन प्रीती, बेटी कुमकुम, दिव्या, उमाशंकर, पत्नी चंद्रावती, बेटा अभिलाष, सिद्धेश्वर की पत्नी केसर देवी, बेटा सुरेंद्र, उनका बेटा सौरभ, देवेंद्र प्रताप, आनंद प्रताप, लक्ष्मण आदि हैं। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया कि सिलिंडर में रिसाव होने से हादसा हुआ है। सभी झुलसे लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। सभी झुलसे को बाह सीएचसी ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज और सैफई भेज दिया गया।