डायरिया से पीड़ित 14 माह की बच्ची ने तोड़ा दम
- छह अन्य बच्चे गंभीर हालत में कराए गए भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले में गर्मी के प्रकोप के बीच डायरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कुरावली क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 माह की बच्ची की डायरिया से पीड़ित होने पर मौत हो गई। वहीं छह अन्य बच्चों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। दो बच्चे हालत बिगड़ने पर रेफर किए गए।
बुधवार को सुबह से ही जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। जिला अस्पताल की ओपीडी में 910 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें करीब 80 से 100 मरीज ऐसे थे जो उल्टी-दस्त और डायरिया की चपेट में थे। कुरावली थाना क्षेत्र के गांव सुजानपुर निवासी शिव कुमार की 14 माह की पुत्री मोनिका को मंगलवार की रात अचानक उल्टी और दस्त हुए। परिजन ने एक निजी डॉक्टर से उसे उपचार दिलाया। बुधवार की सुबह परिजन गंभीर हालत में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में बालरोग विशेषज्ञ के पास 110 मरीज उपचार के लिए पहुंचे इनमें अधिकतर बच्चे पेटदर्द, डायरिया और उल्टी दस्त से पीड़ित थे। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि बच्ची को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।