किशनी। थाना क्षेत्र में चोरों ने शनिवार की रात एक के बाद एक चार स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। गांव गोकुलपुर शमशेरगंज में चोरों ने दो घरों में नकब लगाकर करीब 14 लाख रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जटपुरा के पास शराब के ठेका के ताले तोड़ कर शराब की पेटियां नकदी आदि चोरी करने के साथ ही एक एक किसान के खेत पर रखे सरसों के बोझ चोरी कर ले गए। रविवार सुबह आला अधिकारी मौके पर जांच करने पहुंचे।
शनिवार की रात गांव गोकुलपुर शमशेरगंज निवासी गजराज सिंह घर के बाहर और पत्नी व बच्चे घर के अंदर कमरे में सो रहे थे। रात में चोरों ने मकान के पिछले हिस्से में नकब लगाया और एक कमरे में दाखिल हो गए। चोर अलमारी व बक्से में रखे करीब 13 लाख रुपये कीमत के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। रविवार की सुबह जागने पर परिजन को चोरी की जानकारी हुई। खाली बक्सा पास ही खेत में मिला। गृहस्वामी ने एक साल पहले पुत्र की शादी की है। चोर सारा जेवर, नकदी चोरी कर ले गए।
चोरों ने गांव निवासी कुलदीप के घर में नकब लगा दी। यहां कमरे में घुसे चोर करीब 80 हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। कुलदीप पत्नी व बच्चों के साथ बरामदे में सो रहा था। रविवार की सुबह जागने पर नकब लगा देखा तो होश उड़ गए। रविवार की सुबह सीओ भोगांव चंद्रकेश सिंह, फोरेंसिक व स्वॉट टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की। डॉग स्क्वैड की टीम ने सुरागकशी की। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सात पेटी शराब चोरी
चोरों ने जटपुरा के पास स्थित शराब के ठेका के ताले तोड़ कर उसमें रखी शराब की सात पेटी, कैमरा, इंर्वटर, बैटरी व करीब 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। ठेका के अनुज्ञापी सुमन चतुर्वेदी निवासी गांव फरेंजी ने बताया कि ठेका से हुई चोरी के संबंध में थाने में तहरीर देकर अवगत कराया गया है।
सारसों के बोझ चोरी
गांव फरेंजी निवासी रत्नेश दुबे की सरसों खेत पर रखी हुई है। शनिवार की रात चोर सरसों के दो बोझ चोरी कर ले गए। रविवार की सुबह किसान जब खेत पर पहुंचा तो चोरी के संबधं में जानकारी हुई। रत्नेश ने पुलिस को जानकारी दी है।