राया (मथुरा)। हाथरस-राया मार्ग पर दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठी किशोरी घायल हो गई। आरोपी बाइक चालक मौके का फायदा उठाकर भाग गया। घटना के संबंध में थाना राया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव सिमाना निवासी योगेश कुमार (20 वर्ष) पुत्र चंद्रभान अपनी चचेरी बहन भावना के साथ बाइक से सोमवार को सुबह 11 बजे गांव से राया की ओर जा रहा था। सामने से आ रही बाइक के चालक ने तेजी एवं लापरवाही से चलाकर योगेश की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में योगेश और भावना गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए ले गए। उपचार से पूर्व ही योगेश ने दम तोड़ दिया। भावना का उपचार चल रहा है। मौके का फायदा उठाकर आरोपी बाइक सवार भाग गया। घटना के संबंध में मृतक के चाचा श्यामसुंदर ने थाना राया में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।