एटा। मतदान के दौरान सुरक्षा बलों और मतदान कर्मियों को ट्रीटमेंट कैशलेस प्रदान किया जाएगा। मतदान कर्मियों के उपचार की जिम्मेदारी डीएम की तो सुरक्षाबलों की जिम्मेदारी एसएसपी की होगी।
प्रमुख सचिव प्रशांत द्विवेदी ने मतदान के दौरान सुरक्षाबलों और मतदान कर्मियों को कैशलेस ट्रीटमेंट मुहैया कराने का आदेश जारी किया है। मतदान ड्यूटी के दौरान यदि किसी भी सुरक्षा कर्मी की तबियत बिगड़ती है तो उन्हें तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं दिलाने की जिम्मेदारी एसएसपी को निभानी होगी। यदि गंभीर परेशानी है तो उसको इलाज मुहैया कराने के लिए निजी अस्पतालों का सहयोग लिया जाएगा, लेकिन ऐसी स्थिति में आने वाले खर्च की प्रतिपूर्ति भी एसएसपी को करनी होगी। वहीं मतदान कर्मी ड्यूटी के दौरान किसी अनहोनी घटना के शिकार हो जाते हैं तो जिलाधिकारी को पूरी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं करनी होंगी। पत्र मिलने के बाद सीएमओ डा. अजय अग्रवाल ने सभी सरकारी अस्पताल के प्रभारियों को अलर्ट कर दिया है। इसके साथ ही आईएमए अध्यक्ष डा. स्वतंत्र शर्मा को पत्र लिखकर शासन की मंशा से अवगत कराया है।
मतदान के दौरान मतदान कर्मियों और सुरक्षाबलों को कैशलैस ट्रीटमेंट दिलाने के लिए शासन का पत्र आया है। उसका अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है और संबंधितों को सरकार की मंशा से अवगत करा दिया है। आईएमए को भी पत्र लिखा गया है।
डा. अजय अग्रवाल, सीएमओ