एटा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ जिले के लगभग 40 हजार किसानों को मिल चुका है। इनमें से 15 हजार के करीब अपात्रों को योजना का लाभ दे दिया गया है। अब गलत खातों में पहुंची धनराशि को वापस करने में बैंकें लगी हैं और खातों को सुधारा जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 24 फरवरी को वाराणसी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का उद्घाटन किया था। इससे पहले जिले को एक लाख किसानों का डाटा पोर्टल पर मांगा गया था। इस दौरान किसानों का डाटा फीडिंग करने की आपाधापी में लक्ष्य को पूरा करने में कृषि विभाग और जिला प्रशासन लगा रहा लेकिन जिले से भेजे गए 95 हजार किसानों का डाटा ही पोर्टल पर अपलोड हो सका।
वहीं सत्यापन में सिर्फ 41 हजार किसान ही पात्र माने गए। इनके खाते में 24 फरवरी को ही दो-दो हजार रुपये की पहली किस्त डाल दी गई लेकिन अब सामने आ रहा है कि 41 हजार पात्रों में से 15 हजार अपात्र किसानों के खातों में भी धनराशि पहुंच गई है। उप कृषि निदेशक विजय शंकर का कहना है कि आधार, बैंक पासबुक और खतौनी का मिलान किया जा रहा है। जिन खातों में तीनों दस्तावेजों का मिलान नहीं हो रहा है उनके खातों से धनराशि वापस की जा रही है। गलत एंट्री होने वाले ऐसे 15 हजार किसान हैं जिनके खातों को गलत माना गया है।
---------------