फिरोजाबाद/मक्खनपुर। मक्खनपुर के मेला वाला बाग से पुलिस ने एक ट्रक से 27 गोवंश बरामद किए। इन्हें ठूंस-ठूंसकर क्रूरता से भरा हुआ था। इनमें से एक गोवंश की मौत हो गई। इनको वध के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गोवंश में 17 गाय और दस बछडे़ हैं।
मक्खनपुर के मेला वाले बाग में हर मंगलवार को पशु हाट लगती है। यहां दुधारू पशुओं की खरीद फरोख्त होती है। रविवार को थाना मक्खनपुर पुलिस को जानकारी मिली कि एक ट्रक से काफी मात्रा में गोवंश तस्करी के लिए ले जाए जा रहे हैं। मक्खनपुर में मेला वाला बाग पर पुलिस ने ट्रक की घेराबंदी की। यहां से पुलिस ने ट्रक को बरामद किया।
पुलिस को देखकर ट्रक के चालक-परिचालक भाग गए लेकिन गोवंश की रखवाली कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पकडे़ गए व्यक्ति ने अपना नाम धर्मेंद्र निवासी नवादा थाना मक्खनपुर बताया। ट्रक के चालक-परिचालक का वह नाम नहीं बता पाया।
पुलिस गोवंश से भरा ट्रक थाने ले आई। ट्रक में क्रूरता से गोवंश भरे गए थे। इनमें 17 गाय और 10 बछडे़ थे। इनमें से एक बछडे़ ने दम तोड़ दिया। गोसंरक्षण से जुड़े लोग भी थाने पहुंच गए। गोवंश के लिए चारे का इंतजाम किया गया।
सीओ शिकोहाबाद अजय चौहान ने बताया कि मेला बाग नवादा से गोवंश को ऊंचे दामों में बेचकर कटवाने ले जा रहे थे। गोतस्करी करने वाले इसमें संलिप्त हैं। हाट लगाने वाले संचालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी मक्खनपुर लोकेंद्र सिंह ने बताया कि गो तस्करी के मामले में धर्मेंद्र निवासी नवादा मक्खनपुर को गिरफ्तार किया है। हाट संचालक बबलू माथुर निवासी पक्का तालाब शिकोहाबाद के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, वह भी फरार हैं।
मक्खनपुर थाने से सभी गोवंश वृंदावन गोशाला भेजे जा रहे हैं। मेला बाग में लगने वाली पशु हाट से गोवंशों के लदान की पुलिस जांच कर रही है। दरअसल मेला बाग क्षेत्र से पशु तस्करी की आशंका पर काफी समय से आरएसएस से जुडे़ लोग नजर रखे हुए थे।
गो संवर्धन से जुड़ेे लोगों ने शनिवार रात को ही पुलिस को सूचना दी थी कि मेला वाला बाग से ट्रक में गोवंश लादकर तस्करी के लिए भेजे जा रहे हैं। चूंकि मामला संवेदनशील था इसलिए गो संरक्षण से जुडे़ कार्यकर्ता तो फ्रंट पर नहीं आए लेकिन पुलिस को जानकारी दे दी।