मथुरा। जमुनापार के मथुरा-राया मार्ग पर गांव गौसना के पास व्यापारी को पेट में गोली मारने का मामला पुलिस संदिग्ध मानकर चल रही है। पुलिस फिलहाल जांच कर रही है। गोली मारे जाने की वारदात की मंगलवार की शाम तक पुलिस को कोई तहरीर तक नहीं मिल सकी है।
सिविल लाइंस की राधा-माधव नगर निवासी दिनेश अग्रवाल (52) पुत्र प्रेम अग्रवाल राया से सोमवार की शाम घर स्कूटी से लौट रहे थे। गांव गौसना के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आए पल्सर सवार नकाबपोशों ने पेट में गोली मार दी। आननफानन में व्यापारी को नयति हास्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस की शुरुआत जांच में यह तथ्य सामने आया कि गोली तो पेट में लगी ही नहीं।
पेट पर हल्का से निशान जरूर पाया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि आखिर यह क्या मामला था। एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि व्यापारी को देखने से नहीं लग रहा कि गोली लगी होगी। पूछताछ की गई तो विरोधी बयान सामने आए हैं। बावजूद जांच के बाद हकीकत से पर्दा हट जाएगा। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।