गंजडुंडवारा। कस्बे के कैनाल नाले में मिले जंग लगे हैंडग्रेनेड की जांच पड़ताल और परीक्षण के लिए अलीगढ़ से बम निरोधक दस्ते की टीम ने यहां पहुंचकर हैंडग्रेनेड को नष्ट कर दिया। हैंडग्रेनेड नष्ट करने की प्रक्रिया के बाद इसे जमीन में दबा दिया गया। हैंडग्रेनेड कैनाल नाले में कैसे पहुंचा, कहां से लाया गया इस बात की पुलिस अभी जांच कर रही है।
गुरुवार को कस्बे के कैनाल नाले में सफाईकर्मियों को सफाई के दौरान सायं के समय हैंडग्रेनेड मिला। यह हैंडग्रेनेड काफी पुराना था और जंग लगी हुई थी। सफाईकर्मियों ने अजीब से चीज दिखाई देने पर मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर हैंडग्रेनेड को अपने कब्जे में ले लिया। हैंडग्रेनेड के परीक्षण के लिए बम निरोधक दस्ते की टीम को बुलाया गया। अलीगढ़ से यह टीम देर सायं थाने पहुंची।
थाने पहुंचकर टीम ने हैंडग्रेनेड का परीक्षण किया और उसे नष्ट करने की प्रक्रिया की। हैंडग्रेनेड नष्ट करने के बाद उसे जमीन में दबा दिया गया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक एवं एएसपी पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि हैंडग्रेनेड को जमीन में दबाने के निर्देश दिए गए हैं। हैंडग्रेनेड निष्क्रिय था जिसमें डेटोनेटर नहीं था। उन्होंने हा कि पुलिस अभी और जांच पड़ताल कर रही है कि हैंडग्रेनेड कहां से आया।
हैंडग्रेनेड पर पड़ बारकोड से होगी जांच
गंजडुंडवारा। अलीगढ़ से पहुंच बम निरोधक टीम के प्रभारी विमलेश यादव, रामनरेश सिंह, विनोद कुमार, गुल्लन सिंह, मुकेश बाबू ने हैंडग्रेनेड को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया की। इस हैंडग्रेनेड पर बारकोड ओएफएम 1964एचप्लस पड़ा हुआ है। पुलिस इस बार कोड के माध्यम से अपनी जांच पड़ताल आगे बढ़ाएगी।