मथुरा। लंबी दूरी की ट्रेनों में दीपावली पर घर जाने वालों को रिजर्वेशन नहीं मिल रहे। पश्चिम व दक्षिण भारत को जोड़ने वाली ट्रेनें ज्यादातर नो रूम हैं, वहीं रिजर्वेशन की वेटिंग 150 से अधिक तक पहुंच गई है। रिजर्वेशन से वंचित लोग तत्काल आरक्षण सेवा पर आस लगाए हुए हैं।
मथुरा से मुंबई, पुणे, पश्चिमी भारत को जोड़ने के लिए मथुरा होकर पश्चिम एक्सप्रेस, स्वर्ण मंदिर मेल, गरीब रथ, अगस्त क्रांति एक्सप्रेस, स्वराज एक्सप्रेस, पंजाब मेल, दादर अमृतसर एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, आगरा से चलने वाली लस्कर एक्सप्रेस, बरेली दादर एक्सप्रेस में दीपावली पर रिजर्वेशन नहीं है। इन ट्रेनों में रिजर्वेशन कराने को इन ट्रेनों को रेलवे के कंप्यूटर नो रूम बता रहे हैं।
इससे लोग परेशान हैं और सैकड़ों लोग बिना रिजर्वेशन कराए ही वापस आ रहे हैं। वहीं दक्षिण भारत को जोड़ने वाली आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस, ट्रंक एक्सप्रेस, केरला एक्सप्रेस, दक्षिण एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस तथा आगरा से चलने वाली तमिलनाडु एक्सप्रेस, चेन्नई राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में भी दीपावली पर कंफर्म रिजर्वेशन नहीं मिल पा रहे हैं। रिजर्वेशन प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि इन ट्रेनों में 150 से अधिक तक की वेटिंग है। रिजर्वेशन न मिलने पर लोग दीपावली पर तत्काल आरक्षण सेवा को लेकर आस लगाए हुए हैं।