फिरोजाबाद। डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए डाक विभाग ने कमर कस ली है। फिरोजाबाद मुख्य डाकघर को डेढ़ हजार बचत खाते खोलने का लक्ष्य मिला है। यह एक सितंबर से शुरू होने वाले आईपीपीबी (इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक) के तहत खोले जाएंगे। 31 अगस्त तक पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर जीरो बैलेंस में खाते खोलने की सुविधा मिलेगी।
मुख्य डाकघर एवं शिकोहाबाद डाकघर में इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक की स्थापना हो चुकी है। 21 अगस्त से शुरू होने वाले पेमेंट का उद्घाटन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के चलते स्थगित कर दिया था। अब एक सितंबर को उद्घाटन होगा। सांसद, विधायक, सामाजिक संगठन और अन्य लोग रहेंगे।
शुरुआत में ई-बैंक की शुरूआत जिले की दो शाखाओं में होगी। सफलता मिलने पर योजना का विस्तार किया जाएगा। पोस्टमैन को मशीने दी गईं हैं। पोस्टमैन ग्राहक के घर और प्रतिष्ठान पर जाकर लेनदेन कराएंगे। पोस्टमास्टर वीके तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय शोक के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब एक सितंबर से शुरूुआत करने के निर्देश मिले हैं।