फिरोजाबाद। थाना उत्तर के मोहल्ला कबीरनगर बोधाश्रम पर छोटे भाई व उसकी पत्नी ने बड़े भाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी। आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना उत्तर प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। घटनास्थल की जांच के साथ ही शव को पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा है।
थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला कबीरनगर निवासी राजकुमार (42) पुत्र यादराम शंखवार का छोटे भाई राजाराम से शुक्रवार शाम को खाट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया था। तब मोहल्ले के लोगों ने मामला शांत करा दिया था। शनिवार शाम को फिर से दोनों में विवाद हो गया। इस दौरान राजकुमार ने राजाराम पर हमला करने को ईंट उठा ली। आरोप है कि इसी दौरान राजाराम ने पत्नी के साथ मिलकर धारदार हथियार से राजकुमार की गर्दन पर वार कर दिया। राजकुमार लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। वह चीखा तो परिवार के अन्य लोग पहुंच गए और लहूलुहान अवस्था में राजकुमार को ठेला पर डालकर जिला अस्पताल ले गए।
यहां चिकित्सक ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। राजकुमार की मौत से परिवार में ही कोहराम मच गया। एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी डा.अरुण कुमार व थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तर अनिल कुमार पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि मोहल्ला कबीरनगर खेड़ा में राजकुमार का विवाद उसके छोटे भाई राजाराम से हुआ था। राजाराम ने पत्नी के साथ धारदार हथियार से हमला करने से राजकुमार की मौत हो गई है। मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।