फिरोजाबाद। सुहागनगरी में पेयजल संकट थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को एक मीनारा मस्जिद व कबीर नगर खेड़ा की महिलाएं क्षेत्र की समस्या लेकर जलकल विभाग पहुंची। पेयजल समस्या हंगामा, नारेबाजी की।
मंगलवार को सुबह नौ बजे एक मीनारा मस्जिद के निकट पेयजल समस्या लेकर क्षेत्र की महिलाएं जलकल विभाग पहुंची। महिलाओं का कहना था कि हमारी गलियों में छह महीने से पानी नहीं आ रहा है। जब भी हम पेयजल समस्या की शिकायत करते हैं तो क्षेत्र में टैंकर भेज दिया जाता है।
गली पतली होने के कारण टैंकर अंदर तक नहीं पहुंच पाता। अभी बच्चों की छुटियां चल रही हैं, तो बच्चे मदद कर देते हैं। आखिर टैंकरों पर कब तक निर्भर रहेंगे। क्षेत्र में पेयजल समस्या का स्थाई निदान कराया जाए। सहायक अभियंता पीके सिंह ने जल्द समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया।
कबीर नगर खेड़ा क्षेत्र में पेयजल समस्या को लेकर क्षेत्र के महिला-पुरुष दोपहर में जलकल विभाग पहुंचे। पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं ने हंगामा, नारेबाजी की। गुड्डी, रानीदेवी का कहना था कि पूरे मोहल्ले में दो महीने से पानी नहीं आ रहा है। दिन-रात जाग कर पानी का इंतजार करते हैं, परंतु प्यास बुझाने को भी पानी नहीं मिल रहा है। हम सभी लोग इकट्ठे होकर आए हैं। चेतावनी दी जल्द समस्या दूर नहीं तो आंदोलन करेंगे। मौके पुष्पादेवी, रेखा, आशा, नंदनी, राजबेटी, गुड्डी, मेहरबान सिंह, दारा, सुनील आदि मौजूद थे।