मथुरा। शिक्षक भर्ती घोटाले की पड़ताल के लिए शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय जांच कमेटी शनिवार को मथुरा आ रही है। संभावना है कि यह समिति कुछ दिन यहां रुककर जांच के काम को अंजाम देगी।
शासन ने एसआईटी के साथ मथुरा में शिक्षक भर्ती की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का भी गठन किया है। इसमें निदेशक बेसिक शिक्षा के साथ उपनिदेशक तथा वित्त नियंत्रक भी शामिल हैं। हालांकि एसआईटी इस पूरे मामले के अधिकांश रिकार्ड खंगाल चुकी है। अनेक रिकार्ड अपने साथ भी ले गई है।
बीएसए संजीव कुमार सिंह सहित अनेक अफसर और कर्मचारियों से पूछताछ भी कर चुकी है, लेकिन शासन के स्तर से गठित उच्च स्तरीय विभागीय समिति शनिवार को यहां पहुंचेगी। सरकार के लिए बदनामी का कारण बन रहे इस घोटाले की जांच दो स्तर पर होने से अब संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इसकी गाज उन अफसरों पर भी गिरना तय है, जो ऊंची पहुंच से खुद को बचाने में जुटे हैं। शुक्रवार को बीएसए स्थानांतरण के बाद भी कार्य मुक्त नहीं हो सके हैं।