मैनपुरी। बंदी के साथ जेल में भी मानवीय व्यवहार किया जाना चाहिए। गर्मी के मौसम में बंदियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। महिला बंदियों तथा उनके साथ जेल में मौजूद बच्चों के लिए बैरक के बाहर पानी की व्यवस्था की जानी चाहिए। यह निर्देश विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अवनीश गौतम ने दिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अवनीश गौतम ने सोमवार को जेल का निरीक्षण किया। बैरक नंबर एक, दो, तीन, भोजनालय, जेल अस्पताल में बंदियों की समस्याएं सुनने के साथ जेल अभिलेखों से मिलान किया। अल्प वयस्क बैरक, महिला बैरक में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। बंदियों को जेल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की जानकारी भोजनालय में पहुंचकर ली।
कुछ बंदियों ने मुकदमों का शीघ्र निस्तारण कराने, महिला बंदियों ने जेल में रहने के दौरान व्यवसायिक शिक्षा दिलाने की मंाग की। जेल मैनुअल के अनुसार बंदियों को गर्मी के मौसम में बंदियों को सुविधाएं दिलाने के निर्देश जेल अधीक्षक को दिए। जेल अधीक्षक हरीओम शर्मा, डिप्टी जेलर सुभाषचंद्र पांडेय, निशुल्क अधिवक्ता सुनील कुमार यादव, चरनसिंह यादव, पैरालीगल वालंटियर जितेंद्र सिंह, प्राधिकरण कार्यालय प्रभारी आराधना शर्मा मौजूद रहे।