मैनपुरी। जनपद में संक्रामक रोगों का कहर बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को जहां एक मरीज की मौत हुई थी। वहीं सोमवार की रात दो और मरीजों की संक्रामक रोगों से पीड़ित होने पर मौत हो गई। मंगलवार को जिला अस्पताल में 19 मरीजों को संक्रामक रोगों से पीड़ित होने पर भर्ती कराया गया। बदलते मौसम से लोगों के पेट का हाजमा खराब होने लगा है।
पेटदर्द, डायरिया, उल्टी दस्त आदि से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल में मंगलवार को सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल में 990 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। जबकि प्रांशु, कुनाल, संदीप, रामबेटी, सूबेदार वर्मा, आकाश, मेघश्री आदि सहित कुल 19 मरीजों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में भर्ती देवी रोड निवासी रामनरेश की 50 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी और कुरावली थाना क्षेत्र के गांव अशोकपुर खटकानी निवासी 65 वर्षीय मोहनलाल पुत्र बद्री प्रसाद की मौत हो गई। दोनों ही मरीजों को पेटदर्द और डायरिया की शिकायत होने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। फिजिशियन डा. जेजे राम ने बताया कि दोनों ही मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।