वृंदावन (मथुरा) एससी-एसटी कानून पर आए कोर्ट के फैसले के खिलाफ आयोजित भारत बंद का असर तीर्थनगरी वृंदावन में देखने को नहीं मिला। वृंदावन में प्रतिदिन की तरह प्रमुख बाजार खुले और इनमें भीड़ भी रही। साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आगमन भी बना रहा।
सोमवार सुबह से ही प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, राधावल्लभ मंदिर, कृष्ण बलराम इस्कॉन मंदिर, प्रेम मंदिर, राधा दामोदर मंदिर, राधारमण मंदिर, रंगनाथ मंदिर आदि में श्रद्धालु आराध्य के दर्शन के लिए आते-जाते दिखाई दिए। बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र का पुराना शहर, लोई बाजार, गोपीनाथ बाजार, रेतिया बाजार, प्रताप बाजार, वनखंडी महादेव, अठखंभा, मनीपाड़ा, विद्यापीठ चौराहा, हरिनिकुंज चौराहा, इस्कॉन मार्केट, पत्थरपुरा, सराफा बाजार, अनाज मंडी आदि बाजार क्षेत्र में खरीदारों की चहल-पहल सुबह से शाम तक बनी रही। नगर में स्कूल-कालेज भी समय से खुले। बच्चों का आवागमन बना रहा।