फिरोजाबाद। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के जन्मकल्याणक दिवस पर तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत गुरुवार को भव्य शोभायात्रा से हुई। सुहागनगरी में छह झांकियों के साथ भव्य रथयात्रा निकाली गई। मनमोहक झांकियों में जैन समाज के कई तीर्थस्थलों का चित्रण किया गया।
भगवान महावीर की रथयात्रा का शुभारंभ नगर विधायक मनीष असीजा एवं मेयर नूतन राठौर ने आरती उतारकर किया। रथयात्रा राजादाल मील से शुरू होकर घंटाघर, सदर बाजार, गंज मोहल्ला, कोटला रोड होते हुए मेला स्थल पर पहुंची। ऊंट पर सवार नगाड़ा वादक शोभायात्रा के आगमन का संदेश दे रहे थे। घुड़सवार धर्म ध्वजा लेकर चल रहे थे। इसके बाद राष्ट्रीय विद्यार्थी मंच द्वारा सजाई गई भारत माता की झांकी शामिल रही। पारसनाथ भगवान का उपसर्ग, गोमटेश्वर में भगवान बाहुबली के महामस्तिकाभिषेक की झांकी आकर्षक का केंद्र रही।
आचार्य कुंदकुंद महाराज की झांकी भी आकर्षक का केंद्र रही। बालिकाओं द्वारा किया जा रहा डांडिया नृत्य एवं मयूर नृत्य का दर्शकों ने खूब निहारा। मुख्य रजत रथ पर सवार भगवान महावीर की मूर्ति स्थापित थी। महोत्सव समिति के अध्यक्ष अनुज जैन, मंत्री विशाल जैन, मनीष जैन, अंकित जैन, अरुण जैन पीली कोठी, ललितेश जैन, विजय जैन देवता, चंद्रप्रकाश जैन, टोनी जैन, शैलेंद्र जैन, संजीव जैन, पीयूष जैन, मुकेश जैन, सौरव जैन, अभिनव जैन, जितेंद्र जैन, संजय जैन पीआरओ, कुलदीप जैन मित्तल, विनीत जैन, रॉबिन जैन मौजूद रहे।
महिला मित्र मंडल, बाहुबली मंडल, पद्मावती पंचायत पुरवार महासभा, महावीर संगठन, भारत विकास परिषद, चंद्रप्रभु मंदिर कमेटी सहित अन्य संगठनों सहित जैन समाज के कई प्रतिष्ठानों पर शीतल पेय का वितरण किया गया।
सुबह सात बजे सुहागनगर स्थित श्री दिगंबर जैन पाठशाला से प्रभात फेरी निकाली गई। रैली का शुभारंभ छदामीलाल जैन मंदिर से हुआ, जो शहर के विभिन्न मार्ग होते हुए मेला प्रांगण पहुंची।
शाम को मेला प्रांगण में शोभायात्रा पहुंचने के बाद श्रीजी को मंदिर मेें विराजमान किया गया। यहां इंद्रों ने श्रीजी का अभिषेक किया। जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर को पालना में भी झुलाया।