मैनपुरी। मुकदमों में सजा का प्रतिशत बढ़ाने के लिए गंभीर मुकदमों के गवाहों को हर तारीख पर गवाही देने के लिए सुरक्षा मिलेगी। गवाही देने के लिए उनको घर से अदालत तक पुलिस अपने संरक्षण में लाएगी। गवाहों को धमकाने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। निर्धारित तारीख पर गवाही हर हाल में सुनिश्चित कराई जाएगी।
अदालतों में विचाराधीन गंभीर प्रवृति के मुकदमों में सजा का प्रतिशत बढ़ाने के लिए हाईकोर्ट ने निर्देश दिए हैं। गंभीर और चर्चित मुकदमों के गवाहों को तारीख पर गवाही देने के लिए सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। मुकदमों को चिह्नित करके गवाहों को तारीख पर सुरक्षा देते हुए उनको अदालत तक लाया जाएगा। मुकदमों में गवाहों को गवाही नहीं देने के लिए मिलने वाली धमकियों से सजा का प्रतिशत कम होता है। सजा का प्रतिशत बढ़ाने के लिए मुकदमे चिह्नित करके हर हाल में निर्धारित तारीखों पर गवाही कराई जाएगी। गवाहों को धमकाने वालों पर शिंकजा कसते हुए उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। अदालत में गवाही के लिए आने वाले हर गवाह की निर्धारित तारीख पर गवाही सुनिश्चित कराने को भी कहा गया है।